रायपुर । पत्र सूचना कार्यालय (PIB) रायपुर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय मीडिया अध्ययन दौरे के तहत छत्तीसगढ़ के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े 12 पत्रकारों तथा पीआईबी के दो अधिकारियों का दल रविवार शाम रायपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ। यह अध्ययन दौरा 20 से 24 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।
इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों को देश की प्रमुख विकास परियोजनाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, आधुनिक तकनीकी संस्थानों और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना है, ताकि वे विकास से जुड़े विषयों की गहन समझ विकसित कर सकें और जनहित के मुद्दों पर तथ्यपरक एवं संतुलित रिपोर्टिंग कर सकें।
दौरे के दौरान मीडिया दल पत्र सूचना कार्यालय, अहमदाबाद का भ्रमण करेगा। इसके अलावा महात्मा गांधी के प्रथम सत्याग्रह स्थल कोचरब आश्रम, मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना तथा साबरमती मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब का अवलोकन कर आधुनिक परिवहन अवसंरचना और उससे जुड़े विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करेगा।
मीडिया प्रतिनिधि लोथल में विकसित हो रहे राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर और सिंधु घाटी सभ्यता से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। साथ ही माइक्रोन सेमीकंडक्टर संयंत्र का दौरा कर भारत के उभरते सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र और अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित होंगे।
कार्यक्रम में आणंद स्थित अमूल डेयरी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) रिफाइनरी, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और सरदार सरोवर बांध का भ्रमण भी शामिल है। इन स्थलों पर पत्रकार सहकारी मॉडल, ऊर्जा उत्पादन, जल संसाधन प्रबंधन, सिंचाई और पर्यटन विकास के विभिन्न आयामों का अध्ययन करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय में फॉरेंसिक साइंस, साइबर सुरक्षा और अपराध अनुसंधान से जुड़े नवाचारों की जानकारी प्राप्त करेगा। इसके बाद गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (GIFT City) का भ्रमण कर भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र और वित्तीय प्रौद्योगिकी के विकसित होते पारिस्थितिकी तंत्र का अध्ययन करेगा।
पत्र सूचना कार्यालय के अनुसार, यह अध्ययन दौरा पत्रकारों को राष्ट्रीय विकास, औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाओं को करीब से समझने का अवसर प्रदान करेगा। इससे विकास संबंधी विषयों पर प्रमाणिक, तथ्यपरक और जनहितकारी रिपोर्टिंग को बढ़ावा मिलेगा।