NEET मामले में सियासत तेज, अमित जोगी बोले- शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी

रायपुर । NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नई दिल्ली में चल रहे आंदोलन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन में शामिल हुए।

इस दौरान अमित जोगी ने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने वांगचुक के संघर्ष और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग का समर्थन करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी: अमित जोगी

अमित जोगी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठने से युवाओं का भरोसा प्रभावित होता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।

सरकार से उचित निर्णय लेने की अपील

अमित जोगी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज होता है और सरकार को छात्रों व आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) हमेशा छात्रों, युवाओं और उनके अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।

इस मौके पर अमित जोगी ने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की। NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर जारी यह आंदोलन अब राजनीतिक समर्थन भी हासिल कर रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *