विधानसभा में उठा राशन दुकानों का मामला, विधायक बोले- दबाव बनाकर कराई जा रही मसाले की बिक्री

रायपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल के दौरान राशन दुकानों में कथित रूप से मसाला बिक्री का मामला गरमा गया। भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कुछ राशन दुकानों में महिला स्व-सहायता समूहों पर दबाव बनाकर मसालों की बिक्री कराई जा रही है। मामले में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने दस्तावेज मिलने पर जांच कराने का आश्वासन दिया।

राशन दुकानों के स्टॉक सत्यापन पर उठाए सवाल

विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने सवाल की शुरुआत राशन दुकानों में उपलब्ध बचत स्टॉक के सत्यापन से की। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

इस पर मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार राशन दुकानों का निरीक्षण किया जाता है। जहां भी शिकायतें सामने आती हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

राशन दुकानों में मिलने वाली सामग्री को लेकर सवाल

विधायक ने पूछा कि उचित मूल्य की दुकानों से आम जनता को कौन-कौन सी सामग्री उपलब्ध कराई जाती है और इसका रिकॉर्ड कौन संभालता है। जवाब में मंत्री बघेल ने बताया कि अधिकारियों द्वारा हर 15 दिन में दुकानों का निरीक्षण किया जाता है। भौतिक सत्यापन के दौरान मिली शिकायतों पर कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने बताया कि राशन दुकानों से मुख्य रूप से चावल और शक्कर का वितरण किया जाता है, जबकि बस्तर क्षेत्र में चना भी उपलब्ध कराया जाता है।

विधायक ने लगाए मसाला बिक्री के आरोप

इसके बाद विधायक सुशांत शुक्ला ने पूछा कि क्या राशन दुकानों में मसालों की बिक्री की कोई व्यवस्था की गई है? मंत्री के इनकार के बाद विधायक ने आरोप लगाया कि जानकारी छिपाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं पर दबाव बनाकर राशन दुकानों के माध्यम से मसालों की बिक्री कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इस संबंध में दस्तावेज मौजूद हैं और जांच की मांग की।

दस्तावेज मिलने पर होगी जांच: मंत्री

मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि यदि विधायक दस्तावेज उपलब्ध कराते हैं तो मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने सदन में आश्वासन दिया कि शिकायत और प्रमाण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विधानसभा में उठे इस मुद्दे के बाद अब दस्तावेज सौंपे जाने और विभागीय जांच की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *