बलौदाबाजार-भाटापारा | भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 2019 बैच के अधिकारी राय गौरव रामप्रवेश ने शुक्रवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के नए पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वे दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार पहुंचने पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद विधिवत प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्होंने जिले की कमान नए पुलिस अधीक्षक राय गौरव रामप्रवेश को सौंप दी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्वागत
नवपदस्थ एसपी के पदभार ग्रहण के अवसर पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए जिले की पुलिस व्यवस्था से संबंधित जानकारी साझा की।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह (बलौदाबाजार), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार (भाटापारा), एसडीओपी तारेश साहू, डीएसपी कौशल किशोर वासनिक, डीएसपी यातायात संजय साहू, डीएसपी उषा सोन्धिया और रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जन-केंद्रित पुलिसिंग पर रहेगा फोकस
पदभार संभालने के बाद एसपी राय गौरव रामप्रवेश ने जिले के पुलिस अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने जन-केंद्रित पुलिसिंग को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।
नए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।