कोलकाता | पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी उठापटक के बीच मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी के बागी नेताओं पर पहली बार खुलकर हमला बोला है। उन्होंने पार्टी छोड़कर दूसरे गुट में जा रहे नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों ने संघर्ष का रास्ता छोड़कर समझौते का रास्ता चुना है।
कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने अपने भतीजे और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि जो लोग आज अभिषेक की आलोचना कर रहे हैं, उन्हें उनके संघर्ष के दिनों को नहीं भूलना चाहिए।
“अभिषेक शेर की तरह लड़ा”
ममता ने कहा, “आज अभिषेक आपके लिए बुरा लग रहा है, लेकिन आपको याद नहीं है कि उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ CBI के सामने पेश हुई थी। वह चाहता तो समझौता कर सकता था और राहत पा सकता था, लेकिन उसने संघर्ष का रास्ता चुना। वह शेर की तरह लड़ रहा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता टीएमसी के चुनाव चिन्ह पर जीत हासिल करने के बाद अब पार्टी से अलग हो रहे हैं। ममता ने कहा कि जनता ने इन नेताओं को पार्टी के सिंबल और भरोसे के आधार पर वोट दिया था।
बागी नेताओं पर साधा निशाना
टीएमसी प्रमुख ने कहा कि पार्टी के खिलाफ साजिश की गई और उन्हें उन मतदाताओं के लिए दुख है जिन्होंने पार्टी के चुनाव चिन्ह पर भरोसा कर इन नेताओं को जिताया।
यह बयान ऐसे समय आया है जब टीएमसी के भीतर अंदरूनी मतभेद बढ़ रहे हैं और कुछ नेता पार्टी नेतृत्व से दूरी बना रहे हैं।
केंद्रीय एजेंसियों पर भी उठाए सवाल
ममता बनर्जी ने केंद्रीय जांच एजेंसियों और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां और पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “मैं पुलिस का सम्मान करती हूं, लेकिन कई बार ऐसा लगता है कि वे बीजेपी कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे हैं। हमारे नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है कि या तो बीजेपी में शामिल हो जाएं या दूसरे गुट में चले जाएं।”
“मैं अपना जमीर नहीं बेचती”
ममता ने कहा कि अगर वह समझौता कर लेतीं तो उन्हें मौजूदा परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा, “मैं अपना जमीर नहीं बेचती। जो लोग दबाव में आकर दूसरे खेमे में जा रहे हैं, उन्होंने अलग रास्ता चुना है।”
टीएमसी में बढ़ती अंदरूनी खींचतान के बीच ममता का यह बयान पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल को और तेज करने वाला माना जा रहा है।