70 लाख पौधारोपण अभियान को मिली रफ्तार, CM रेखा गुप्ता ने किया पौधारोपण; जनभागीदारी से हरित दिल्ली का संकल्प

नई दिल्ली। राजधानी को हरित और प्रदूषण-मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ चल रहे 70 लाख पौधारोपण अभियान को गति मिल रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेकर पौधे लगाए। ‘हरित दिल्ली संकल्प’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 1,100 पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पौधा केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सफल होगा, जब इसमें सरकार के साथ-साथ आम नागरिक भी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ को बताया जनआंदोलन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण और मातृत्व के सम्मान से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार राजधानी के खाली और उपयुक्त स्थानों, सेंट्रल वर्ज, मेट्रो कॉरिडोर और सड़क किनारों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाने का काम कर रही है।

7 जुलाई से शुरू हुआ मेगा प्लांटेशन ड्राइव

दिल्ली में मेगा प्लांटेशन ड्राइव की शुरुआत 7 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की थी। अभियान में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए दिल्ली सरकार ने एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है, जहां नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार पौधारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं।

इसके अलावा, ‘वृक्ष रथ’ के माध्यम से लोगों के घरों तक निःशुल्क पौधे पहुंचाने और सरकारी नर्सरियों से मुफ्त पौधे उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।

70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी में 70 लाख पौधे लगाकर हरित क्षेत्र का विस्तार करना है। उन्होंने दिल्लीवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। उनके अनुसार, सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही दिल्ली को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की ओर ले जाया जा सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *