सारंगढ़-बिलाईगढ़। शिक्षा के प्रति समर्पण और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटगांव में पदस्थ शिक्षक कृष्ण कुमार कुर्रे पिछले 10 वर्षों से जरूरतमंद छात्राओं की मदद कर रहे हैं। वह आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को हर साल निःशुल्क पुस्तकें, गाइड और अन्य अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराते हैं।
शिक्षक कृष्ण कुमार कुर्रे का उद्देश्य है कि आर्थिक परेशानी के कारण किसी भी छात्रा की पढ़ाई प्रभावित न हो और सभी को बेहतर शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।
इस वर्ष 93 छात्राओं को मिली निःशुल्क सामग्री
शिक्षक कुर्रे ने इस वर्ष भी अपने सेवा अभियान के तहत बड़ी संख्या में छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री वितरित की। कक्षा 11वीं की 22 छात्राओं और कक्षा 12वीं की 25 छात्राओं को जीवविज्ञान, गणित, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी विषयों की पुस्तकें, परीक्षाबोध, गाइड और अन्य उपयोगी अध्ययन सामग्री प्रदान की गई।
इसके अलावा कक्षा 9वीं की 20 छात्राओं और कक्षा 10वीं की 26 जरूरतमंद छात्राओं को भी परीक्षाबोध, परीक्षासार, गाइड सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री निःशुल्क दी गई।
पढ़ाई के साथ बढ़ा रहे छात्राओं का आत्मविश्वास
शिक्षक कृष्ण कुमार कुर्रे केवल पुस्तक वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वह छात्राओं को प्रेरणादायी व्याख्यान के माध्यम से भी मार्गदर्शन देते हैं। वह छात्राओं को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, अनुशासन और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हैं।
उनका कहना है कि जीवन में बड़े लक्ष्य तय कर मेहनत और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है।
‘शिक्षा सबसे बड़ा दान है’
शिक्षक कुर्रे ने कहा कि इस सेवा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी छात्रा केवल आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि एक छात्रा को शिक्षित करना पूरे समाज को शिक्षित करने के समान है।
उनकी इस पहल से विद्यालय की छात्राओं और अभिभावकों में भी उत्साह है। शिक्षक कृष्ण कुमार कुर्रे की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है |