छत्तीसगढ़ को रेल क्षेत्र में बड़ी सौगात, CM साय बोले- मजबूत होगी राज्य की कनेक्टिविटी

रायपुर |  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के निर्माण हेतु 175 करोड़ की परियोजना को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार और आधुनिकीकरण हो रहा है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह परियोजना राज्य के रेल नेटवर्क को और अधिक मजबूत व सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से रायपुर में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे माल और यात्री परिवहन की दक्षता बढ़ेगी तथा रेलवे परिचालन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं के विकास से भविष्य की जरूरतों के अनुरूप रेलवे अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। इससे छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख रेल, औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल विकसित भारत 2047 के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को नई गति प्रदान करेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *