मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से पामगढ़ क्षेत्र को बड़ी सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत पामगढ़–लाहौद मार्ग से डोंगाकोहरौद बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 605.09 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृत परियोजना के तहत 4.337 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद डोंगाकोहरौद बस्ती सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वर्षभर सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

नई सड़क बनने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि उपज के परिवहन में सुविधा होगी। साथ ही बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी आसान हो जाएगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

राज्य सरकार का कहना है कि ग्रामीण संपर्क मार्गों को मजबूत कर दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में सड़क निर्माण और उन्नयन के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *