रायपुर निगम का बड़ा अभियान, अवैध कब्जों पर शिकंजा; पंडरी में हटाया अतिक्रमण

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध पंडरी कपड़ा मार्केट में नगर निगम ने अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को निगम की टीम ने मार्केट की सबसे पुरानी दुकानों में शामिल प्रकाश होजियरी होलसेल शॉप के सामने किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की।

जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक ने नाली को ढंककर उसके ऊपर पाटा बनाकर कब्जा कर लिया था। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

नाली बंद होने से जलभराव की शिकायत

स्थानीय बस्तीवासियों ने निगम में शिकायत की थी कि नाली ढंके होने के कारण उसकी नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित होने से आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो रही थी।

शिकायत के आधार पर निगम की टीम ने जांच की और नाली पर किए गए निर्माण को अवैध पाया।

अवैध कब्जों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक नालियों और सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

अधिकारियों ने कहा कि शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नालियों को अतिक्रमण मुक्त करना जरूरी है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *