दिल्ली के स्कूलों में टेक्नोलॉजी का नया दौर, छात्राएं सीखेंगी AI, रोबोटिक्स और स्पेस साइंस

नई दिल्ली। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजकीय बालिका सीनियर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए AI इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट, STEM इनोवेशन लैब, स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम और आधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया।

यह पहल लाडली फाउंडेशन द्वारा हनीवेल टेक्नोलॉजी के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) सहयोग से संचालित ‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है। इसके माध्यम से छात्राओं को आधुनिक शिक्षा, डिजिटल संसाधन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

AI स्मार्ट टॉयलेट से बढ़ेगी स्वच्छता और सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में स्थापित AI आधारित स्मार्ट टॉयलेट सुविधा का शुभारंभ किया। इसमें सेंसर आधारित निगरानी प्रणाली, स्वच्छता मॉनिटरिंग, जल संरक्षण और बेहतर रखरखाव जैसी तकनीकी सुविधाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण जरूरी है। बेहतर स्वच्छता सुविधाओं से छात्राओं की उपस्थिति और आत्मविश्वास दोनों में सुधार होगा।

STEM लैब में सीखेंगी AI, रोबोटिक्स और कोडिंग

स्कूल में शुरू की गई STEM इनोवेशन लैब में छात्राओं को विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित से जुड़ी प्रैक्टिकल शिक्षा दी जाएगी। यहां रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), इलेक्ट्रॉनिक्स और डिजाइन थिंकिंग जैसे विषयों का प्रशिक्षण मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

3 हजार छात्राओं के लिए स्वास्थ्य कार्यक्रम शुरू

‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत करीब 3,000 छात्राओं के लिए स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया है। इसमें नियमित मेडिकल चेकअप, आंखों की जांच, जरूरतमंद छात्राओं को चश्मों का वितरण, डिवार्मिंग अभियान और मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़े जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।

पांच छात्राओं को अमेरिका में स्पेस साइंस प्रशिक्षण का मौका

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने STEM लैब में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पांच छात्राओं के चयन पर खुशी जताई। इन छात्राओं को अमेरिका के अलबामा स्थित United States Space & Rocket Center में आयोजित स्पेस साइंस कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने चयनित छात्राओं को हवाई यात्रा टिकट भी प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दिल्ली की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है और इससे अन्य छात्राओं को विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

शालीमार बाग में बिजली ढांचे के आधुनिकीकरण की शुरुआत

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण कार्यों की भी शुरुआत की। इसके तहत पुराने खुले बिजली तारों को सुरक्षित इंसुलेटेड एबी केबल और भूमिगत विद्युत लाइनों में बदला जाएगा।

परियोजना के तहत 33 केवी और 11 केवी ओवरहेड लाइनों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत किया जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनेगी।

137 इलेक्ट्रिक कचरा वाहनों को दिखाई हरी झंडी

स्वच्छ दिल्ली अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने नगर निगम के 137 इलेक्ट्रिक प्राइमरी वेस्ट कलेक्शन टिपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन वाहनों की तैनाती केशवपुरम, रोहिणी, नरेला और सिविल लाइंस जोन में की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों से प्रदूषण कम होगा और घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर विद्यार्थियों को तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *