भिलाई में हाई-प्रोफाइल ठगी का खुलासा, पूजा-पाठ के नाम पर महिला से 85 लाख की धोखाधड़ी

दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पूजा-पाठ के जरिए पारिवारिक समस्याएं दूर करने और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पवन बधोरिया को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पीड़ित महिला की मुलाकात आरोपी पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के माध्यम से सभी समस्याओं का समाधान करने का दावा किया।

इसके बाद आरोपी ने पूजा-पाठ, निजी आवश्यकताओं और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में महिला से करीब 85 लाख रुपये ले लिए। लंबे समय तक न तो महिला की समस्याओं का समाधान हुआ और न ही निवेश पर किसी प्रकार का लाभ मिला।

जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पहले नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।

इसके बाद महिला ने भिलाई नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को धमकी देकर अवैध रूप से रकम वसूलने के पर्याप्त साक्ष्य मिले। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के इंदौर में दबिश देकर आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *