बस्तर को मिली पहली अत्याधुनिक कैथलैब की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया लोकार्पण

जगदलपुर |  बस्तर संभाग की स्वास्थ्य सेवाओं में गुरुवार को एक नई उपलब्धि जुड़ गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में बस्तर की पहली और छत्तीसगढ़ की दूसरी अत्याधुनिक कैथलैब का लोकार्पण किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से अब बस्तर सहित आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को समय पर आधुनिक उपचार उपलब्ध होगा और गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

हृदय रोगियों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर उपचार

लोकार्पण के बाद मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह कैथलैब मेकाहारा के बाद राज्य की दूसरी प्रमुख सरकारी सुविधा है, जहां हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों का आधुनिक तकनीक से इलाज संभव होगा।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, कैथलैब में कोरोनरी एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी (स्टेंट प्रत्यारोपण), पेसमेकर प्रत्यारोपण सहित कई इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी प्रक्रियाएं की जा सकेंगी।

योग और आयुर्वेद को भी मिलेगा बढ़ावा

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बस्तर में पीपीपी मॉडल पर योग और प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। साथ ही केंद्र सरकार को बस्तर में आयुर्वेद आधारित उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा गया है।

‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ का उल्लेख

उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत क्षेत्र के लगभग 99 प्रतिशत लोगों का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जा चुका है। स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधार को देखते हुए जल्द ही विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूनिसेफ की टीमें भी बस्तर का दौरा करेंगी।

स्थानीय युवाओं को मिला रोजगार

कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि अस्पताल में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रबंधन और विभिन्न श्रेणियों के पदों पर लगभग 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी गई है।

अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत भी मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *