पातालगंगा नदी में बह गए 3000 LPG सिलेंडर, रायगढ़ में मचा हड़कंप; प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश के चलते बड़ा हादसा सामने आया है। पनवेल स्थित Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से करीब 3000 गैस सिलेंडर पानी के तेज बहाव में बहकर पातालगंगा नदी में पहुंच गए। घटना के बाद नदी किनारे बसे इलाकों में चिंता का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण प्लांट परिसर में भारी जलभराव हो गया था। पानी का दबाव बढ़ने से प्लांट में रखे गैस सिलेंडर बह गए। इनमें कुछ सिलेंडर भरे हुए हैं, जबकि कुछ खाली बताए जा रहे हैं। नदी में सिलेंडर बहने के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हो गईं। रायगढ़ के कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नदी या आसपास के क्षेत्र में गैस सिलेंडर दिखाई दें तो उन्हें छूने या उठाने की कोशिश न करें। सिलेंडर सुरक्षित स्थिति में न होने पर खतरा पैदा हो सकता है।

प्रशासन ने ग्रामीणों से कहा है कि मिले हुए सिलेंडरों की जानकारी तुरंत तहसीलदार कार्यालय या HPCL के अधिकृत अधिकारियों को दें। वहीं, पुलिस और कंपनी कर्मचारियों ने कुछ लोगों को नदी से सिलेंडर निकालकर ले जाने से भी रोका है।

स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि सिलेंडर आपस में टकराते या उनमें आग लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और नदी क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *