भिलाई निगम में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, राजीव पांडेय हटे, सुरुचि सिंह की नियुक्ति

भिलाई | भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय का तबादला कर उन्हें अपर संचालक, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर पदस्थ किया गया है। राज्य सरकार के आदेश के साथ ही उनका स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

राजीव पांडेय की जगह 2020 बैच की IAS अधिकारी सुरुचि सिंह, जो वर्तमान में राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में कार्यरत थीं, को भिलाई नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।

राजीव पांडेय और भिलाई की महापौर नीरज पाल के बीच लंबे समय से प्रशासनिक मुद्दों को लेकर मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। महापौर और कांग्रेस पार्षदों ने उनके तबादले की मांग को लेकर अभियान भी चलाया था। हालांकि, इस संबंध में दायर याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो गई थी, लेकिन अब जारी हुए स्थानांतरण आदेश के बाद यह विवाद समाप्त होता नजर आ रहा है।

30 साल में पहली महिला आयुक्त

भिलाई नगर निगम का गठन 8 जून 1996 को हुआ था। स्थापना के बाद से अब तक निगम में 26 आयुक्त अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सुरुचि सिंह निगम की 27वीं आयुक्त होंगी और साथ ही 30 वर्षों में पहली महिला आयुक्त के रूप में पदभार संभालेंगी।

नई आयुक्त के सामने निगम में वेतन भुगतान, आवास योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व वसूली और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान की चुनौती होगी। प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उनसे निगम की कार्यप्रणाली में गति और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *