बालोद में पुलिस की बड़ी लापरवाही, हिरासत से महिला आरोपी फरार, तीन आरक्षक निलंबित

बालोद |  छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। चोरी के आरोप में हिरासत में ली गई एक महिला आरोपी पुलिस को चकमा देकर कोतवाली थाने से फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बालोद पुलिस अधीक्षक (SP) ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद शामिल हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मोनिका ठाकुर ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपी रेखा सोरी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर कोतवाली थाना परिसर से फरार हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, वहीं पूरे मामले की विभागीय जांच भी जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *