रायपुर | छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला लेवी समेत अन्य मामलों में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) द्वारा कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह कार्रवाई भाजपा का राजनीतिक षड्यंत्र है। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव के समय से ही भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाती रही है और अब राज्य की जांच एजेंसी का उपयोग किया जा रहा है।
शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास किया। उनका दावा है कि जिन मामलों में ईडी को कोई ठोस सफलता नहीं मिली, उन्हीं मामलों की अब EOW से जांच कराई जा रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह मामला अदालत में टिक नहीं पाएगा और न्यायिक प्रक्रिया में भाजपा का कथित षड्यंत्र उजागर होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस कार्रवाई के खिलाफ कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी तथा इस मुद्दे को जनता के बीच भी उठाएगी।
गौरतलब है कि आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कोयला लेवी समेत अन्य मामलों में रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मामले की जांच जारी है।