सरदार पटेल के नाम से पहचाना जाएगा डूमरतराई थोक बाजार फेस-2, CM साय ने किया लोकार्पण

रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डूमरतराई में विकसित थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि बाजार का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा तथा परिसर में उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

लोकार्पण समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण एवं अधोसंरचना मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और व्यापारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण एवं अधोसंरचना मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्य में बड़े अधोसंरचना विकास कार्यों को भी गति देगा। उन्होंने बताया कि बेहतर प्रबंधन और योजनाबद्ध कार्यों के कारण मंडल घाटे की स्थिति से निकलकर लाभ की स्थिति में पहुंचा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 व्यापारियों को आधुनिक और व्यवस्थित व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे आम नागरिकों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में परिसर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

इस मौके पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि शहर के बाहर व्यवस्थित होलसेल मार्केट विकसित करने की योजना पर करीब 16 वर्ष पहले काम शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि चेंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से इस परियोजना को आकार दिया गया और अब यह व्यापारियों तथा शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बनकर तैयार हुई है।

उन्होंने कहा कि डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 के संचालन से रायपुर शहर में यातायात का दबाव कम होगा और व्यापारियों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं के साथ संगठित व्यापारिक वातावरण मिलेगा। यह परियोजना छत्तीसगढ़ में सुनियोजित अधोसंरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *