जकार्ता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘बिन्तांग अदिपुर्ना ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ (Bintang Adipurna) से सम्मानित किया है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने जकार्ता स्थित राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्डेका में पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान उन विदेशी नेताओं या नागरिकों को दिया जाता है, जिन्होंने इंडोनेशिया की संप्रभुता, एकता और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों का गौरव बताया
सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी ने इंडोनेशिया सरकार और वहां की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।
भारत-इंडोनेशिया के बीच बढ़ेगा सहयोग
जकार्ता में पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी तकनीक और नवाचार की सदी है और भारत व इंडोनेशिया दोनों युवा ऊर्जा से भरपूर देश हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने अपनी मिड-डे मील योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) जैसे अनुभव इंडोनेशिया के साथ साझा किए हैं।
ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत करने पर जोर
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X Corp पर इंडोनेशिया के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनता से जुड़े हुए हैं।
प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट नीति और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।