जगदलपुर। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने नकली और अमानक कृषि सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कृषि विभाग ने जिलेभर में जांच अभियान चलाया, जिसमें कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान अब तक 33 खाद-बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 28 दुकानों में खाद-बीज की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है। प्रशासन का उद्देश्य किसानों तक केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री पहुंचाना है।
6 दुकानों से जब्त किया गया खाद-बीज
कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग की टीम ने 6 दुकानों से खाद और बीज जब्त किए हैं। संबंधित मामलों को कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा एक मामले में गंभीर अनियमितता मिलने पर विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
प्रशासन ने दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए हैं, जबकि दो अन्य दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
स्टॉक और कीमत की जानकारी दिखाना अनिवार्य
कृषि विभाग ने सभी खाद-बीज विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक और निर्धारित बिक्री मूल्य की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। विभाग ने साफ किया है कि नकली खाद-बीज की बिक्री या नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
किसानों के हित में जारी रहेगा जांच अभियान
प्रशासन ने कृषि अधिकारियों को लगातार निरीक्षण और जांच अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, किसानों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अमानक खाद-बीज बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने से लेकर कानूनी कार्रवाई तक कदम उठाए जाएंगे।