कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए एक SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार देर शाम उसका शव नदी से बरामद किया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सुभांशु रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा घूमने और पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी दोस्त नदी में बने एक टापू तक जाने की कोशिश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में सुभांशु ने वापस लौटने का फैसला किया, लेकिन इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों और दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलने के बाद श्यांग और लेमरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। हालांकि, रात होने और नदी के तेज बहाव के कारण रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दिनभर चले अभियान के बाद देर शाम सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सुभांशु के पिता का निधन करीब चार साल पहले हो गया था। इसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति के तहत SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई साल से SECL कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।