कोटवार नियुक्ति में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने तहसीलदार के खिलाफ जताया विरोध

गरियाबंद | छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में कोटवार की नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। देवभोग तहसील के खुटगांव ग्राम पंचायत में नए कोटवार की नियुक्ति के विरोध में 100 से अधिक ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

ग्रामीणों का आरोप है कि तत्कालीन कोटवार गुलाब बघेल के निधन के बाद नियमों के अनुसार उनके परिवार से उत्तराधिकारी की नियुक्ति की जानी थी। इसके लिए ग्राम सभा आयोजित कर पंचायत ने वास्तविक उत्तराधिकारी का नाम भी प्रस्तावित किया था, लेकिन तहसीलदार ने कथित रूप से दूसरे परिवार की एक महिला को कोटवार नियुक्त कर दिया, जिसे ग्रामीण अपात्र बता रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि नियुक्ति प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई है। मामले को लेकर गांव में व्यापक नाराजगी है और ग्रामीण नियुक्ति निरस्त कर पात्र उम्मीदवार की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।

वहीं, ग्राम पंचायत के सरपंच ने चेतावनी दी है कि यदि मामले का समाधान नहीं हुआ तो वे कमिश्नर कार्यालय और अदालत का रुख करेंगे।

दूसरी ओर, तहसीलदार ने नियुक्ति प्रक्रिया का बचाव करते हुए कहा कि कोटवार की नियुक्ति नियमानुसार और उन्हें प्राप्त अधिकारों के तहत विधिवत की गई है। उन्होंने किसी भी प्रकार की अनियमितता से इनकार किया है।

फिलहाल, मामले को लेकर प्रशासन और ग्रामीण आमने-सामने हैं। अब यह देखना होगा कि शिकायतों की जांच के बाद प्रशासन क्या निर्णय लेता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *