नई दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग का मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित

नई दिल्ली  | भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईआईडीईएम) में मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए दूसरे एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन शुक्रवार, 3 जुलाई को आयोजित हुआ, जिसमें देश के 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न जिलों से आए मीडिया नोडल अधिकारी, सोशल मीडिया नोडल अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी तथा राज्य जनसंपर्क विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 260 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

छत्तीसगढ़ से सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, अपर संचालक जनसंपर्क विभाग तथा प्रदेश के सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी इस सम्मेलन में शामिल हुए।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की सभी प्रक्रियाएँ संविधान, निर्वाचन कानूनों तथा पारदर्शी दिशानिर्देशों के अनुरूप संचालित होती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक एवं फर्जी सूचनाओं के प्रति सतर्कता बरतने तथा तथ्यात्मक जानकारी के प्रभावी प्रसार के माध्यम से गलत सूचनाओं पर अंकुश लगाने में मीडिया एवं संचार अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने हाल के विधानसभा चुनावों में दर्ज रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत को मतदाताओं के निर्वाचन प्रणाली पर गहरे विश्वास का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर चुनाव आयुक्त विवेक जोशी ने डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डीपफेक और भ्रामक डिजिटल सामग्री से उत्पन्न चुनौतियों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने चुनावी साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया।

सम्मेलन में निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से संबंधित संचार रणनीतियों, मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया, ईसीआईनेट, संवैधानिक एवं विधिक प्रावधानों, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन तथा सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया तथा प्रदर्शनी एवं मीडिया कॉर्नर का अवलोकन कराया गया। सम्मेलन के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *