गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही । प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच नए कार्यों का विभाजन करते हुए CEO, अपर कलेक्टर, SDM, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के प्रभार में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
मुकेश रावटे (CEO, जिला पंचायत) को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि, क्रेडा, सी-मार्ट, महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क, पीएम जनमन योजना और बैगा विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिलेराम डाहिरे (अपर कलेक्टर एवं एडीएम) अब कानून-व्यवस्था, राजस्व अपील, पुनरीक्षण, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन, शस्त्र अनुज्ञप्ति नवीनीकरण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों का प्रभार संभालेंगे।
SDM स्तर पर बदलाव
- निकिता मरकाम को SDM मरवाही बनाया गया है। वे मरवाही तहसील के राजस्व, भू-अर्जन, नजूल और निर्वाचन संबंधी कार्य देखेंगी।
- अमित बेक को SDM पेण्ड्रारोड नियुक्त किया गया है। उनके पास पेण्ड्रारोड, पेण्ड्रा और सकोला तहसीलों के राजस्व एवं दाण्डिक मामलों के साथ जनगणना शाखा और सत्कार अधिकारी का दायित्व रहेगा।
अन्य अधिकारियों को मिले नए विभाग
- आकांक्षा पाण्डेय को स्थापना, वित्त शाखा, समाज कल्याण, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, बाढ़ आपदा प्रबंधन और NIC का प्रभार सौंपा गया।
- विक्रांत कुमार अंचल को उप जिला निर्वाचन अधिकारी, DMF, CSR, RTI और मुख्यमंत्री जन शिकायत शाखा की जिम्मेदारी दी गई।
- देवेन्द्र कुमार सिरमौर को भू-अभिलेख, भू-अर्जन, पासपोर्ट, डिजिटल सर्वे, पुरातत्व और पर्यटन विभाग का प्रभारी बनाया गया है।
तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के तबादले
जिले में राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तहसील स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं।
- शेषनारायण जायसवाल को पेण्ड्रारोड से पेण्ड्रा तहसीलदार बनाया गया।
- प्रीति शर्मा को मरवाही से गौरेला तहसील का प्रभार मिला।
- अविनाश कुजुर को पेण्ड्रा से मरवाही तहसीलदार नियुक्त किया गया।
- उमेश कुमार चौहान को पेण्ड्रारोड भेजते हुए उप तहसील बस्ती का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
- रमेश कुमार कमार को निमधा उप तहसील का अतिरिक्त दायित्व दिया गया।
- अंजली मिश्रा को सकोला का प्रभारी तहसीलदार बनाया गया।
- दशोदा आर्मी अब भू-अभिलेख शाखा में सहायक अधीक्षक के रूप में कार्य करेंगी।
लिंक अधिकारी भी किए गए नियुक्त
अधिकारियों की अनुपस्थिति में प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए लिंक ऑफिसर की व्यवस्था भी लागू की गई है। साथ ही आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गौरेला, पेण्ड्रा नगर पालिका और मरवाही नगर पंचायत से जुड़े मामलों का अंतिम निर्णय कलेक्टर स्तर पर ही होगा।