नई दिल्ली । दिल्ली नगर निगम (दिल्ली नगर निगम (MCD)) ने टाउन वेंडिंग कमेटियों (TVC) के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके तहत राजधानी के पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स में से 12 प्रतिनिधियों का चुनाव 2 अगस्त को कराया जाएगा, जबकि मतगणना और परिणाम 4 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।
एमसीडी के अनुसार, मतदान 2 अगस्त को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया 3 जुलाई से 10 जुलाई तक चलेगी, जबकि 11 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 13 जुलाई तक नाम वापस ले सकेंगे और उसी दिन अंतिम सूची जारी होगी।
चुनाव में केवल वही पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर भाग ले सकेंगे जिनके पास वैध वेंडिंग सर्टिफिकेट (CoV) होगा। एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
इन चुनावों में 12 सीटें विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षित की गई हैं, जिनमें एससी, ओबीसी, महिला, अल्पसंख्यक और दिव्यांग वर्ग शामिल हैं। इसके बाद शहरभर में लगभग 27 टाउन वेंडिंग कमेटियों का गठन किया जाएगा।
इन कमेटियों में निर्वाचित वेंडर प्रतिनिधियों के साथ आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन, एनजीओ और विशेषज्ञ सदस्य भी शामिल होंगे, ताकि स्ट्रीट वेंडिंग से जुड़े मुद्दों पर संतुलित निर्णय लिए जा सकें।
इस पहल को स्ट्रीट वेंडर्स अधिनियम 2014 के तहत लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।