नई दिल्ली । देश में ई-रिक्शा बैटरी हैकिंग के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने BAT-BMS नामक एक चीनी ऐप को Google Play Store और Apple App Store से हटाने के आदेश जारी किए हैं।
यह ऐप ई-रिक्शा की लिथियम बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) से जुड़ा हुआ है, जिसका उपयोग बैटरी की चार्जिंग, तापमान और वोल्टेज मॉनिटर करने के लिए किया जाता है। लेकिन हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और शिकायतों के बाद सामने आया कि कुछ असामाजिक तत्व इस ऐप का दुरुपयोग कर ई-रिक्शा को चलते-चलते बंद कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, यह ऐप शेन्ज़ेन ग्रीनर्जी टेक्नोलॉजी (Shenzhen Grenergy Technology) द्वारा विकसित किया गया है। भारत में कई सस्ते ई-रिक्शा में उपयोग होने वाली लिथियम बैटरियों में ब्लूटूथ आधारित BMS सिस्टम होता है, जिसकी सुरक्षा कमजोर होने के कारण यह ऐप बैटरी से आसानी से कनेक्ट हो जाता है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, ऐप में मौजूद “डिस्चार्ज” फीचर का गलत इस्तेमाल कर बैटरी की पावर सप्लाई बंद कर दी जाती थी, जिससे ई-रिक्शा बीच सड़क पर रुक जाते थे। पुराने मॉडल के लेड-एसिड बैटरी वाले ई-रिक्शा इस समस्या से प्रभावित नहीं होते।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस मामले को ऐप स्टोर संचालित करने वाली कंपनियों के साथ भी उठाया जाएगा और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जांच आगे जारी रहेगी।
इस कदम के बाद उम्मीद है कि ई-रिक्शा चालकों और यात्रियों को इस तरह की तकनीकी छेड़छाड़ से राहत मिलेगी।