ACB की बड़ी कार्रवाई: सहायक ग्रेड-2 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी विभाग के एक सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी ने प्रोविडेंट फंड (PF) की राशि जारी करने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी। यह राशि विभाग में कार्यरत एक बाबू से मांगी गई थी, जिसने इस पूरे मामले की शिकायत ACB से की थी।

बताया जा रहा है कि संबंधित बाबू ने अपनी बेटी की शादी के लिए अपने PF खाते से लगभग 5 लाख रुपये निकालने के लिए आवेदन दिया था। इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले आरोपी सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने रिश्वत की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है |

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *