मुंबई । रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो के पांचवें एपिसोड में कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने अभिनेता हर्षद चोपड़ा को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। श्रेया की टिप्पणी पर हर्षद के प्रशंसकों ने नाराजगी जताते हुए उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
एपिसोड के दौरान श्रेया कालरा ने कहा कि हर्षद चोपड़ा का व्यवहार काफी घमंडी है। उन्होंने दावा किया कि अभिनेता शो में अपने प्रशंसकों से दोबारा जुड़ने के लिए आए हैं। श्रेया ने यह भी कहा कि हर्षद का व्यवहार ऐसा है कि कोई भी लड़की उनसे शादी नहीं करना चाहेगी।
श्रेया के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर हर्षद चोपड़ा के फैंस उनके समर्थन में उतर आए। कई प्रशंसकों ने श्रेया की टिप्पणी को व्यक्तिगत और अनुचित बताते हुए इसकी आलोचना की।
इससे पहले शो के पहले एपिसोड में हर्षद चोपड़ा ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक भावुक राज साझा किया था। उन्होंने बताया था कि करीब 16 साल पहले उन्हें प्यार में धोखा मिला था। अभिनेता ने कहा था कि उनकी गर्लफ्रेंड ने उनके सबसे अच्छे दोस्त के साथ उन्हें धोखा दिया, जिससे उन्होंने एक साथ अपना दोस्त और अपना रिश्ता दोनों खो दिया।
हर्षद चोपड़ा पिछले दो दशकों से टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने ‘बेपनाह’, ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘बड़े अच्छे लगते हैं 4’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में मुख्य भूमिका निभाई है। अपने अभिनय के लिए वह कई प्रतिष्ठित टेलीविजन पुरस्कार भी जीत चुके हैं।
गौरतलब है कि ‘लॉक अप 2’ में इस बार 15 प्रतियोगी हिस्सा ले रहे हैं। शो को फराह खान और रितेश देशमुख होस्ट कर रहे हैं, जबकि हर नए एपिसोड के साथ प्रतियोगियों के बीच विवाद और टकराव दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं।