सीसी रोड की मांग पर हाईवे जाम: भाजयुमो जिलाध्यक्ष ग्रामीणों संग धरने पर बैठे, कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना

गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के मुड़ागांव में सीसी सड़क निर्माण की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने किया, जो इसी गांव के निवासी हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे के भीतर प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया।

ग्रामीणों का कहना है कि मुड़ागांव के आश्रित पारा करलाकोट में पिछले दो वर्षों से सीसी सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। बारिश के मौसम में गांव की सड़कें कीचड़ से भर जाती हैं, जिससे एंबुलेंस सहित अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते और स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष हेमंत नागेश ने प्रशासन पर समस्याओं के समाधान में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते ग्रामीणों की मांगों पर ध्यान दिया होता तो हाईवे जाम जैसी स्थिति पैदा नहीं होती।

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा भी गांव पहुंचे और ग्रामीणों का समर्थन किया। उन्होंने भाजपा सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के पदाधिकारियों को ही अपने गांव की मूलभूत सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है, तो सरकार के विकास के दावे खोखले साबित होते हैं।

वहीं तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। ग्रामीणों का मांगपत्र प्राप्त कर लिया गया है, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *