रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित सलियाटोली में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से 250 सीटों वाला अत्याधुनिक नालंदा परिसर तेजी से आकार ले रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को महानगरों जैसी आधुनिक और तकनीक आधारित अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने 21 जून 2025 को इस परियोजना का भूमिपूजन किया था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आधुनिक नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का बेहतर वातावरण मिल सके। जशपुर जिले में जिला मुख्यालय के साथ कुनकुरी में भी यह सुविधा विकसित की जा रही है। परिसर विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा।
नालंदा परिसर में इंडोर और आउटडोर दोनों प्रकार के अध्ययन की सुविधा होगी। प्राकृतिक वातावरण में विकसित ऑक्सी रीडिंग जोन, सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था, ऊर्जा दक्ष भवन डिजाइन और 50 से अधिक देशी पौधों के रोपण के साथ इसे पर्यावरण अनुकूल बनाया जा रहा है।
विद्यार्थियों की समग्र जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिसर में यूथ टावर, स्पोर्ट्स कोर्ट, कैफेटेरिया, एटीएम और हेल्थ जोन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप इसका संचालन स्वायत्त एवं स्ववित्तपोषित मॉडल पर किया जाएगा।
परिसर की लाइब्रेरी में 50 हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध होंगी। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी, हाई-स्पीड वाई-फाई, ई-लर्निंग संसाधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष पुस्तकों की सुविधा भी मिलेगी। आरएफआईडी आधारित प्रवेश प्रणाली, बायोमेट्रिक पहचान और आधुनिक पुस्तक प्रबंधन प्रणाली से लैस यह परिसर विद्यार्थियों को सुरक्षित और स्मार्ट अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा।
राज्य सरकार का मानना है कि यह नालंदा परिसर जशपुर जिले के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा उन्हें अपने ही क्षेत्र में आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिलेगा।