जशपुर नगर पालिका में 7 पार्षदों ने ली शपथ, जनसेवा और विकास का लिया संकल्प

रायपुर। जशपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 8 और 14 में हुए उपचुनाव के नवनिर्वाचित पार्षदों तथा शासन द्वारा मनोनीत पांच पार्षदों का पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी समीर बड़ा ने सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में विधायक रायमुनी भगत, पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, पूर्व पर्यटन मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत ने नवनिर्वाचित एवं मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की पहली जिम्मेदारी नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का समन्वित प्रयास आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया।

शपथ ग्रहण समारोह में वार्ड क्रमांक 8 से प्रेमलता साहू और वार्ड क्रमांक 14 से प्रिया सिंग ने नवनिर्वाचित पार्षद के रूप में शपथ ली। वहीं शासन द्वारा मनोनीत पार्षद संतोष सिंह, राधेश्याम राम, रूपेश सोनी, ओमप्रकाश नायक और नीतू गुप्ता ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नगर हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए नवगठित परिषद के साथ मिलकर जशपुर के विकास को नई गति देने का विश्वास जताया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *