पटना/ठाणे। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। बिहार एसटीएफ और महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कथित मास्टरमाइंड परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को पटना के अगमकुआं स्थित किराए के फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है। ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले जाने के बाद कोर्ट ने उसे 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बिजेंद्र गुप्ता अपनी छोटी बेटी के जन्मदिन पर पटना आने वाला था। इसी सूचना के आधार पर बिहार एसटीएफ और भिवंडी पुलिस ने उसके ठिकाने पर घेराबंदी की, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, छापेमारी के दौरान उसकी पत्नी सुमन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
अवैध कमाई का हिसाब रखती थी सुमन
जांच एजेंसियों का दावा है कि सुमन गुप्ता को पेपर लीक की पूरी साजिश की जानकारी थी। आरोप है कि वह गिरोह की अवैध कमाई का हिसाब रखती थी और अन्य सदस्यों तक पैसों के लेन-देन की व्यवस्था भी संभालती थी। मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से भी खुलासा हुआ है कि पेपर लीक के दौरान वह लगातार अपने पति के संपर्क में थी।
पहले भी हुई थीं गिरफ्तारियां
इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने 27 जून 2026 को पटना निवासी राजीव शाह, आकाश और हरियाणा निवासी धीरज को ठाणे के भिवंडी स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तीनों ने बिजेंद्र गुप्ता को पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया था।
आगरा की प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ था पेपर
जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र TET का प्रश्नपत्र कथित रूप से आगरा की एक प्रिंटिंग प्रेस से लीक कराया गया था। पुलिस के अनुसार, प्रश्नपत्र के चारों सेट उत्तर प्रदेश के सोनू और अनूप ने बिजेंद्र गुप्ता को उपलब्ध कराए थे, जो उसी प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता और उसके करीबी सहयोगी कपिल दहिया की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।