रायपुर | नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच सरायपाली विधानसभा से कांग्रेस विधायक चातुरी नंद ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर प्रस्तावित विधायक आवास लेने से इनकार कर दिया है और नवा रायपुर में नई MLA कॉलोनी बनाने की मांग की है।
विधायक चातुरी नंद ने पत्र में नकटी गांव में गरीब परिवारों पर की जा रही कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में घरों को हटाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था करनी चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां आधुनिक और सुव्यवस्थित विधायक कॉलोनी विकसित की जा सकती है, ताकि किसी भी गरीब परिवार को बेघर न होना पड़े।

यह मामला उस समय और चर्चा में आया जब बिंद्रानवागढ़ से कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव ने भी इसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नवा रायपुर में विधायक कॉलोनी बनाने की मांग की थी।
फिलहाल यह विवाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है और सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।