कड़कड़डूमा मार्केट का होगा कायाकल्प, MCD ने री-डेवलपमेंट के लिए मास्टर प्लान बनाने के दिए निर्देश

नई दिल्ली | पूर्वी दिल्ली की प्रमुख व्यावसायिक बाजारों में शामिल कड़कड़डूमा मार्केट का जल्द ही कायाकल्प हो सकता है। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बाजार के समग्र पुनर्विकास की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने शाहदरा दक्षिण जोन का दौरा कर अधिकारियों को विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

प्रस्तावित योजना के तहत बाजार में आधुनिक सुविधाओं का विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई, सीवर नेटवर्क, जल निकासी प्रणाली, स्ट्रीट लाइट और हरित पट्टियों जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। अधिकारियों को वर्तमान स्थिति का आकलन कर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप व्यापक विकास योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने आनंद विहार स्थित ऋषभ विहार मार्केट का भी दौरा किया और वहां नागरिक सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने कड़कड़ी मोड़ स्थित निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट निस्तारण स्थल का निरीक्षण कर वैकल्पिक स्थान उपलब्ध होने तक सभी पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने धूल नियंत्रण, स्वच्छता, सुरक्षा और अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

निगम आयुक्त ने कहा कि दिल्ली नगर निगम का उद्देश्य राजधानी के नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *