नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर संसद की स्थायी समिति की अहम बैठक 1 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय समिति इस बैठक में NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से मिले अनुभवों और NTA में प्रस्तावित सुधारों पर चर्चा करेगी।
बैठक में समिति पुनर्परीक्षा की प्रक्रिया से जुड़े प्रमुख सबकों की समीक्षा करेगी और राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श करेगी।
संसदीय समिति की बैठक 1 जुलाई को सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। इसमें सरकार की ओर से NTA सुधारों के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष और इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन शामिल होंगे। वे NTA को मजबूत बनाने और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए तैयार किए गए रोडमैप को समिति के सामने रखेंगे।
इसके अलावा उच्च शिक्षा सचिव डॉ. विनीत जोशी भी बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक के पहले सत्र में NEET-UG पुनर्परीक्षा से मिली सीख और NTA में किए जा रहे सुधारों पर विस्तार से चर्चा होगी।
वहीं दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले दूसरे सत्र में शिक्षा क्षेत्र पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभाव और छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। इसमें दिल्ली स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और Sarvam AI के प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे।
राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी एजेंडे के अनुसार NEET-UG पुनर्परीक्षा से जुड़े अनुभवों की जानकारी NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह द्वारा दी जाएगी।
इस बैठक में समिति भविष्य की राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित, निष्पक्ष और भरोसेमंद बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर मंथन करेगी।