रायपुर। मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए 5 जुलाई (रविवार) को रायपुर में मेगा रक्तदान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन, रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मो दिवास, रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी और इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
आयोजन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक विमतारा हॉल, शंकर नगर में किया जाएगा। इसमें DKMS Foundation India, ICAI (रायपुर शाखा) और आशीर्वाद ब्लड सेंटर का विशेष सहयोग रहेगा।
आयोजकों ने शहरवासियों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उनका कहना है कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचा सकता है, इसलिए रक्तदान को “महादान” माना गया है।
इस मेगा अभियान का लक्ष्य 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करना है, ताकि जरूरत पड़ने पर अस्पतालों में रक्त की कमी न हो और मरीजों को समय पर मदद मिल सके।