रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल सेवा वितरण को नई दिशा मिल रही है। शासन की जनहितैषी सोच और तकनीक आधारित प्रशासनिक सुधारों का सशक्त उदाहरण बनकर सेवा सेतु पोर्टल उभरा है, जो आज प्रदेश के लाखों नागरिकों के लिए भरोसेमंद माध्यम बन चुका है।
इस पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाएं अब घर बैठे सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं, जिससे आमजन का समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा शासन के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है।
रायगढ़ जिले की तहसील पुसौर के ग्राम भाठनपाली निवासी अजय कुमार प्रधान की कहानी इस डिजिटल सुशासन की सफलता को दर्शाती है। लंबे समय से वे स्थायी जाति प्रमाण पत्र के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन समय पर दस्तावेज नहीं मिल पाने के कारण उन्हें कई अवसरों से वंचित होना पड़ रहा था।
इसके बाद उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही और निर्धारित समय में उन्हें स्थायी जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। इससे उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ और रोजगार के नए अवसरों के द्वार भी खुले।
प्रमाण पत्र मिलने के बाद अजय कुमार प्रधान ने रोजगार सहायक पद के लिए आवेदन किया और अब वे स्वयं भी ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस पोर्टल ने सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर समाप्त कर दिए हैं।
सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डिजिटल तकनीक के जरिए सुशासन को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। सेवा सेतु पोर्टल इसी पहल का हिस्सा है, जिसने प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाया है।
यह पहल न केवल नागरिकों को त्वरित सेवाएं दे रही है, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रही है।