जांजगीर-चांपा। जिले के हाथिटिकरा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक कमरे की छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के दौरान केंद्र में कोई बच्चा मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह बच्चों के आने से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका केंद्र में तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान अचानक छत से प्लास्टर टूटकर नीचे गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर दोनों कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मलबे की सफाई कराई गई। इस हादसे ने आंगनबाड़ी भवन की जर्जर स्थिति और निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भवन की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है तथा जिम्मेदार विभाग से तत्काल सुधार की मांग की है।