रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुकमा जिले के जगरगुंडा पहुंचकर शहीद एएसआई रामू राम नाग के निवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश और समाज की सेवा में दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
मंत्री ने शहीद की माताजी से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान देश और प्रदेश की अमूल्य धरोहर है और उनके परिवारों का सम्मान व संरक्षण सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अंत्योदय कार्ड जारी करने के दिए निर्देश
इस दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अधिकारियों को शहीद परिवार की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहीद की माताजी के लिए अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा, ताकि परिवार को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
शहीद परिवारों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकास, विश्वास और शांति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के वीर जवानों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना समाज का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।