नगरी में हल्दी की वैज्ञानिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, 250 किसानों ने खरीदे 10 टन बीज; 250 टन उत्पादन का लक्ष्य

धमतरी। जिले के नगरी विकासखंड में हल्दी की वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की गई है। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और हल्दी उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण व विपणन तक मजबूत व्यवस्था तैयार करना है।

ग्राम पंचायत झुझरकस्सा के आश्रित ग्राम कोर्रेमुडा में जिला पंचायत धमतरी, जनपद पंचायत नगरी और प्रदान संस्था के संयुक्त सहयोग से हल्दी की वैज्ञानिक खेती पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी

प्रशिक्षण में नगरी और मगरलोड विकासखंड के कृषि मित्रों व पीआरपी ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने किसानों को भूमि तैयारी, उन्नत बीज चयन, बीज उपचार, पोषण प्रबंधन, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण, फसल सुरक्षा और कटाई के बाद प्रबंधन की जानकारी दी।

250 किसानों ने खरीदे 10 टन हल्दी बीज

इस पहल के तहत अब तक 250 किसानों ने गट्टासिल्ली किसान उत्पादक कंपनी (FPC) के माध्यम से करीब 10 टन गुणवत्तायुक्त हल्दी बीज (राइजोम) खरीदे हैं। इससे लगभग 270 दिनों में 250 टन हल्दी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।

किसानों को खेती के हर चरण में तकनीकी मार्गदर्शन और फील्ड सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बेहतर हो सकें।

प्रसंस्करण और विपणन से मिलेगा बेहतर मूल्य

उत्पादित हल्दी का प्रसंस्करण हरिभूमि किसान उत्पादक संगठन के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए कोर्रेमुडा में हल्दी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की गई है। वहीं तैयार हल्दी पाउडर का विपणन गट्टासिल्ली किसान उत्पादक कंपनी करेगी।

इससे किसानों को बेहतर बाजार, उचित मूल्य और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में कृषि आधारित उद्यमिता और किसान उत्पादक संगठनों को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहल नगरी क्षेत्र को हल्दी उत्पादन और मूल्य संवर्धन के केंद्र के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *