जशपुर की महिलाएं बनेंगी ‘ड्रोन दीदी’, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से सीखेंगी आधुनिक कृषि तकनीक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जशपुर जिले की स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब आधुनिक कृषि तकनीक से जुड़कर नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत चयनित महिलाएं रायपुर स्थित आईटीएम विश्वविद्यालय में ड्रोन संचालन और रिमोट पायलटिंग का विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं।

इस प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं ‘ड्रोन दीदी’ के रूप में किसानों को तकनीक आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इससे खेती में समय की बचत, लागत में कमी और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ड्रोन से होगा उर्वरक और कीटनाशक का वैज्ञानिक छिड़काव

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को ड्रोन की तकनीकी जानकारी, सुरक्षित उड़ान संचालन, रिमोट पायलटिंग, ड्रोन रखरखाव और कृषि क्षेत्र में इसके उपयोग की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा फसलों में नैनो उर्वरक, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री के वैज्ञानिक छिड़काव की प्रक्रिया भी सिखाई जा रही है।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ड्रोन दीदियां जशपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में किसानों को ड्रोन के जरिए कृषि सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का नया अवसर

कृषि विभाग के अनुसार, ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से किसानों को कम लागत में बेहतर कृषि सुविधा मिलेगी। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

उप संचालक कृषि, जशपुर ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद ड्रोन दीदियां जिले के विभिन्न विकासखंडों में किसानों की मदद करेंगी। इससे वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय बढ़ाने में भी सहयोग मिलेगा।

सीएम साय ने दिखाई थी हरी झंडी

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान प्रशिक्षण के लिए रवाना हो रही ड्रोन दीदियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इससे पहले 17 अप्रैल 2026 को रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम के दौरान ड्रोन दीदी और उन्नत सॉयल टेस्टिंग मशीन भी प्रदान की गई थी।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल अहम मानी जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *