अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। एयरपोर्ट के टैक्सीवे पर Air India और IndiGo के दो विमान आमने-सामने आ गए। हालांकि समय रहते दोनों विमानों को रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई जाने वाली IndiGo की फ्लाइट उड़ान भरने के लिए टैक्सी कर रही थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची Air India की फ्लाइट पार्किंग बे की ओर जा रही थी। टैक्सी करते समय Air India विमान गलत दिशा में मुड़ गया और दोनों विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए।
बताया गया कि दोनों विमानों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी रह गई थी। स्थिति को देखते हुए तुरंत दोनों विमानों को रोक दिया गया। इसके बाद Air India विमान को टो करके सुरक्षित पार्किंग बे तक पहुंचाया गया और IndiGo विमान ने अपनी उड़ान पूरी की।
Air India ने बयान जारी कर बताया कि फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय गलती से गलत मोड़ पर चली गई थी। एयरलाइन ने कहा कि घटना में किसी यात्री या क्रू की सुरक्षा प्रभावित नहीं हुई।
वहीं IndiGo ने भी पुष्टि की कि दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक लिया गया था और सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना की जानकारी विमानन नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि इसी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक साल पहले 12 जून 2025 को Air India का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान टेकऑफ के कुछ सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद एयरपोर्ट सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी बढ़ाई गई है।