मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मानसून सत्र के दौरान होने वाला चुनाव फिलहाल टाल दिया गया है। अब इस पद पर फैसला एक दिवसीय विशेष अधिवेशन बुलाकर किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, विधान परिषद की यह सीट शिवसेना कोटे की है और इसके लिए पार्टी के भीतर मंथन जारी है। उपसभापति पद की रेस में शिवसेना (शिंदे गुट) की वरिष्ठ नेता और पूर्व उपसभापति डॉ. नीलम गोऱ्हे का नाम सबसे आगे चल रहा है।
नीलम गोऱ्हे का विधान परिषद सदस्य के तौर पर कार्यकाल खत्म होने के बाद एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने उन्हें दोबारा MLC उम्मीदवार बनाया है। वह लगातार पांचवीं बार विधान परिषद की सदस्य चुनी गई हैं।
हालांकि, पार्टी के अंदर अन्य नामों पर भी चर्चा चल रही है। सूत्रों के अनुसार नंदुरबार से विधान परिषद सदस्य चंद्रकांत रघुवंशी और बच्चू कडू के नाम पर भी विचार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सरकार चुनाव कराने के बजाय विशेष सत्र के जरिए इस पद पर नियुक्ति का रास्ता अपना सकती है। उपसभापति का पद फिलहाल खाली है, क्योंकि नीलम गोऱ्हे का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि शिवसेना (शिंदे गुट) दोबारा नीलम गोऱ्हे पर भरोसा जताती है या किसी नए चेहरे को मौका दिया जाता है।