रायपुर। अभनपुर में चल रहे कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। शिविर को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपनी विचारधारा से भटक चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिविर में जिला अध्यक्षों को पार्टी की आइडियोलॉजी समझाई जा रही है। कश्यप ने सवाल उठाया कि जब जिला अध्यक्षों को ही पार्टी की विचारधारा स्पष्ट नहीं है तो उनकी नियुक्ति पर भी सवाल खड़े होते हैं।
वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने भाजपा के आरोपों का पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को अपने संगठन की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के अंदर रोजाना राजनीतिक खींचतान चल रही है, जबकि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का काम कर रही है।
पायलट ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य जिला स्तर के नेताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत करना है ताकि बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ को और सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केंद्र के आदेशों के अनुसार काम करती है।
इस पूरे विवाद ने राज्य की सियासत में नई बहस छेड़ दी है, जहां दोनों दल एक-दूसरे पर संगठन और विचारधारा को लेकर लगातार हमलावर हैं।