पंचायत आमसभा में हंगामा: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत कई पर मामला दर्ज करने की मांग

अभनपुर। ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित आमसभा के दौरान उस समय हंगामा मच गया जब उपसरपंच के साथ कथित रूप से मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया। उपसरपंच पोखन लाल यदु ने इस मामले में थाना गोबरा नवापारा में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक, 24 जून को पंचायत भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान 169 हितग्राहियों की सूची में 120 नाम शामिल न होने पर विवाद बढ़ गया और कुछ ग्रामीणों ने उपसरपंच पर नाम कटवाने का आरोप लगाया।

उपसरपंच का आरोप है कि सभा के दौरान सरपंच पुत्र सहित कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और बहस के बाद कथित तौर पर कॉलर पकड़कर बाहर ले जाकर मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, कपड़े फाड़ दिए और उनकी मोटरसाइकिल को भी गिरा दिया।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमले में उनके जबड़े में चोट आई है और उन्हें लगातार दर्द हो रहा है। घटना का वीडियो भी ग्रामीण द्वारा रिकॉर्ड किए जाने की बात सामने आई है।

उपसरपंच ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *