गरियाबंद। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना के अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को प्रदेश के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा, आवास और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला श्रम पदाधिकारी जयंती बसंल ने बताया कि गरियाबंद जिले के लिए योजना के तहत 5 सीटें निर्धारित की गई हैं। इच्छुक पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपने बच्चों के लिए 3 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन श्रमेव जयते मोबाइल एप के माध्यम से या श्रम संसाधन केंद्र नगर पंचायत फिंगेश्वर, जनपद पंचायत छुरा, मैनपुर, देवभोग और जिला गरियाबंद स्थित श्रम संसाधन केंद्र में आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा किए जा सकते हैं।
योजना का लाभ ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को मिलेगा, जिनका श्रमिक पंजीयन कम से कम एक वर्ष पुराना हो और बच्चा वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहा हो। विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन के लिए श्रमिक पंजीयन कार्ड, बच्चे का आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की अंकसूची, अध्ययनरत प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र और स्व-घोषणा पत्र आवश्यक होंगे।
श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें।