कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल: कई महासचिवों और राज्यों के प्रभारियों की छुट्टी की तैयारी

नई दिल्ली। हालिया विधानसभा चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) स्तर पर व्यापक पुनर्गठन किया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस चार महासचिवों को हटाने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही 6 से 7 राज्यों के प्रभारियों में भी बदलाव संभव है, जबकि तीन से चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदले जा सकते हैं। इसके अलावा करीब 26 राष्ट्रीय सचिवों को भी हटाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

संभावित बदलावों में कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं, जिनमें बीके हरिप्रसाद, रमेश चेन्निथला, सचिन पायलट, गिरीश चोडंकर और सुखजिंदर सिंह रंधावा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ नेताओं की मौजूदा जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है।

सूत्रों का कहना है कि पार्टी आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों को बदल सकती है। इनमें से कई राज्यों में 2027 के विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, जिसके चलते संगठनात्मक स्तर पर बदलाव को अहम माना जा रहा है।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन बदलावों से संगठन में नई ऊर्जा आएगी और जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत होगी। साथ ही गुटबाजी को कम करने और चुनावी रणनीति को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *