पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें लोहागढ़ किले में एक युवा बिजनेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी, जिसे उनकी मंगेतर सिया गोयल ने अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में पुलिस इसे ट्रेकिंग के दौरान पैर फिसलने से हुई दुर्घटना मान रही थी, लेकिन बाद में घटनाक्रम और बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद मामला पलट गया।
पुलिस का दावा है कि तकनीकी जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया विश्लेषण के आधार पर यह सामने आया कि सिया गोयल किसी अन्य युवक के संपर्क में थी और इसी के चलते दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
बताया जा रहा है कि केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर का जन्मदिन मनाने के लिए उसे और दोस्तों के साथ लोहागढ़ किले लेकर गए थे। 19 जून को जन्मदिन सेलिब्रेशन के दौरान ही यह घटना हुई। दोनों की शादी अगले महीने तय थी।
जांच एजेंसियों का मानना है कि केतन को लोहागढ़ किले की लगभग 400 फुट गहरी खाई में धक्का दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में अंतिम निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
पुलिस फिलहाल सभी तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।