दिल्ली मेट्रो की नई पहल: 12 स्टेशनों पर सेल्फ सर्विस कियोस्क शुरू, WhatsApp पर मिलेगा डिजिटल QR टिकट

नई दिल्ली।दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। इसके तहत राजधानी के 12 मेट्रो स्टेशनों पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सेल्फ सर्विस मोबाइल टिकटिंग कियोस्क लगाए गए हैं, जहां यात्री स्वयं डिजिटल QR कोड टिकट प्राप्त कर सकते हैं।

इस नई व्यवस्था के तहत टिकट सीधे यात्रियों के WhatsApp नंबर पर भेजा जाएगा, जिससे पेपर टिकट की जरूरत खत्म हो जाएगी। DMRC का कहना है कि इससे टिकटिंग प्रक्रिया तेज, आसान और पर्यावरण के अनुकूल बनेगी।

इन कियोस्क की मदद से यात्री केवल अपने गंतव्य स्टेशन का चयन कर, टिकटों की संख्या और मोबाइल नंबर दर्ज करके भुगतान पूरा करेंगे, जिसके बाद QR टिकट सीधे व्हाट्सऐप पर मिल जाएगा।

DMRC के अनुसार, यह कदम यात्रियों की लंबी कतारों को कम करने और स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। साथ ही पेपर टिकट के उपयोग में कमी आने से कचरे में भी कमी आएगी।

इसके अलावा यात्री पहले से ही DMRC Saarthi ऐप, One Delhi ऐप, IRCTC और WhatsApp चैटबॉट के माध्यम से डिजिटल टिकट प्राप्त कर सकते हैं।

इन कियोस्क को फिलहाल मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, ITO, नई दिल्ली, एयरपोर्ट टर्मिनल-1 व 3, एयरोसिटी, द्वारका सेक्टर-21 समेत 12 प्रमुख स्टेशनों पर लगाया गया है।

DMRC का कहना है कि भविष्य में इस सुविधा को और स्टेशनों पर विस्तारित किया जा सकता है, ताकि पूरी प्रणाली को और अधिक डिजिटल और स्मार्ट बनाया जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *