दिल्ली। राजधानी दिल्ली के तकिया काले खान इलाके की वाल्मीकि बस्ती में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह आग मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में लगी, जिसमें करीब 30 झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती चरण में 7–8 दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया था, लेकिन आग की तेजी और फैलाव को देखते हुए राहत और बचाव कार्य में कुल 24 दमकल वाहनों को लगाया गया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, जिस क्षेत्र में आग लगी वहां झुग्गियों के साथ-साथ लकड़ी, प्लाईवुड और अस्थायी ढांचों का बड़ा भंडार मौजूद था, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई।
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर मुकेश वर्मा ने बताया कि फायर कंट्रोल रूम को रात करीब 11:22 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल टीमें रवाना कर दी गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।